September 24, 2026

एक बार फिर लौट रही हैं ‘तुलसी’ ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में स्मृति ईरानी की वापसी

Delhi/Alive News: टीवी का मशहूर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ एक बार फिर छोटे पर्दे पर लौटने वाला है। इस शो ने साल 2000 में शुरू होकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली थी। अब लगभग 25 साल बाद इसका दूसरा भाग आ रहा है और सबसे बड़ी बात ये है कि इस बार भी तुलसी के किरदार में स्मृति ईरानी नजर आएंगी।

कुछ समय पहले एकता कपूर ने इस शो की वापसी की जानकारी दी थी। अब शो की शूटिंग शुरू हो चुकी है और सेट से स्मृति ईरानी की पहली झलक सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

तुलसी का लुक हुआ वायरल:
स्मृति ईरानी की जो फोटो सामने आई है, उसमें वे पुराने अंदाज़ में नजर आ रही हैं। उन्होंने मेरून रंग की गोल्डन बॉर्डर वाली साड़ी पहनी है, माथे पर बड़ी लाल बिंदी, गहने और सिंदूर के साथ उनका वही पुराना तुलसी वाला लुक है।

हालांकि यह तस्वीर आधिकारिक रूप से नहीं आई है, लेकिन इसे देखकर फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं।

स्मृति ने 2014 में ठुकराया था शो:
एक इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने बताया था कि उन्हें 2014 में इस शो के लिए कॉन्ट्रैक्ट मिला था। सेट भी तैयार था, लेकिन तभी उन्हें मंत्री पद की शपथ लेनी थी, इसलिए उन्होंने शो से दूरी बना ली थी।

अब एक बार फिर दर्शकों को ‘तुलसी’ और उनके परिवार की कहानी देखने को मिलेगी, जिसका बेसब्री से इंतजार हो रहा है।