March 7, 2026

नागरिकों की बढ़ती भागीदारी से मजबूत हो रहा प्रशासन पर भरोसा : एसडीएम 

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की “समाधान शिविर” नामक पहल जिला वासियों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। आज वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार ने की।

अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्या परिवार पहचान पत्र आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं साथ ही राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। जिनके त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की विभिन्न प्रशासनिक और शासकीय विभागों से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निपटारा किया जा रहा है। इन शिविरों में लोगों को विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका द्वारा नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य और आपराधिक शिकायतों जैसी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। 

एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। इस दौरान समाधान शिविर में नगर निगम संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।