May 19, 2024

घरों में गंदे पानी की सप्लाई से परेशान लोगों ने लगाए मंत्री और अधिकारियों के मुर्दाबाद के नारे

Shashi Thakur

Faridabad/Alive News : हरियाणा सरकार जहां एक तरफ जोर शोर से अलग-अलग कॉलोनी में 24 घंटे पानी देने के दावे कर रही है। वहीं दूसरी तरफ हकीकत ये है कि कई इलाकों में लोग पानी की किल्लत, गंदा और बदबूदार पानी आने से काफी परेशान है। लोगों का आरोप है कि वह कई बार इसकी शिकायत कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा से लेकर, पार्षद और निगम अधिकारियों से कर चुके है। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नही हुई है। समस्या ज्यो की त्यों बनी हुई है।

न्यू जनता कॉलोनी में स्थानीय लोगों की मानें तो पिछले कई महीने से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लोगों की शिकायत है कि पहले ये समस्या कम थी लेकिन धीरे-धीरे ये समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

क्या कहना है स्थानीय लोगों का
पानी कई बार बिल्कुल काला आता है और अगर कभी साफ भी पानी आ जाए तो उसमें बदबू इतनी होती है कि उससे कपड़े या बर्तन भी नहीं धोए जाते। हम इतने मजबूर है कि पीने का पानी बाजार से खरीदते हैं।

सरला, स्थानीय निवासी,न्यू जनता कॉलोनी

घरों में सप्लाई हो रहा दूषित पेयजल सबसे बड़ी समस्या बना हुआ हैं। जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक को इस बारे में शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। कालोनियों में दूषित पानी की सप्लाई होने के कारण लोगों को चर्म रोग के साथ साथ डायरिया, पीलिया जैसी बीमारियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

सुषमा, स्थानीय निवासी,न्यू जनता कॉलोनी

क्या कहना है आरडब्ल्यूए प्रधान का
पानी गंदा और बदबूदार होने के कारण इसे इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। ऐसे में लोग खरीद कर पानी पीने को मजबूर हैं। घरों में लगे आरओ सिस्टम भी गंदे पानी के कारण खराब हो चुके है। मंत्री और अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत की है लेकिन पिछले कई सालों से हालात ज्यों के त्यों बने हुए हैं। अधिकारियों की उदासीनता के कारण ही हमारी कॉलोनी में दूषित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

-नरेश सलूजा, प्रधान-आरडब्ल्यूए