February 25, 2025

ट्रिपल इंजन की सरकार विकास को देगी रफ्तार, जनता के लिए 24 घंटे काम कर रहे है मुख्यमंत्री- डॉ अरविंद शर्मा

ट्रिपल इंजन की सरकार विकास को देगी रफ्तार, जनता के लिए 24 घंटे काम कर रहे है मुख्यमंत्री- डॉ अरविंद शर्मा

Faridabad/Alive News: सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में निकाय चुनाव के नतीजों के बाद ट्रिपल इंजन की सरकार विकास कार्यो को रफ्तार देगी, जिससे प्रत्येक शहर व गांव की तस्वीर बदलने वाली है। प्रदेश सरकार विकास कार्यो में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी, मुख्यमंत्री 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहते है ताकि प्रदेश की जनता को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सकें और प्रदेश विकास के मामले में खूब तरक्की करें।

मंगलवार को कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा फरिदाबाद के तिलपत पहुंचे और यहां पर भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी व पार्षद प्रत्याशी अमित भारद्वाज, संजीव सरपंच, अजय प्रताप भड़ाना व सुमन्त चंदेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

राज्यमन्त्री राजेश नागर व पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा के साथ जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि संकल्प पत्र में महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट का वादा, उस टॉयलेट में सेनेटरी नैपकीन वेंडिंग मशीन और शिशु आहार कक्षों की सुविधा सोने पर सुहागे का काम करेगी, विधानसभा चुनाव में जिस तरह संकल्प पत्र जारी किया उसी तरह इस संकल्प पत्र में भी हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। युवा, किसान, गरीब परिवार, छात्र, सफाई कर्मचारी सभी की स्थिति और मजबूत करने के लिए भाजपा ने संकल्प लिया है। यह कहना गलत नहीं होगा कि भाजपा का संकल्प पत्र हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, उससे प्रदेश का हर वर्ग उत्साहित है। भाजपा ने कचरा निस्तारण से लेकर हर बूथ पर ऑनलाइन सेवा केंद्र खोलने, सीवरेज और पानी का मुफ्त कनेक्शन, नगर निगमों को टैक्स और फीस तय करने की शक्ति देने की घोषणा करके कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है।

हर क्षेत्र और वर्ग के लिए खास है संकल्प पत्र
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि संकल्प पत्र में हर क्षेत्र और हर वर्ग का ध्यान रखा है। सफाई कर्मियों की अतिरिक्त व्यवस्था करने का वादा किया है। इसी तरह गांवों और शहरों में 20 साल से ज्यादा काबिज वाले मकानों और भूमि का मालिकाना हक देना बड़ी घोषणा है, यही नहीं जो मकान महिलाओं के नाम हैं उन्हें हाउस टैक्स में 25 प्रतिशत छूट देने की घोषणा तारीफ का काबिल है।

रेहड़ी वालों को आर्थिक मदद, अत्याधुनिक सभागार का वादा नई तस्वीर बनाएगा
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि संकल्प पत्र में आदर्श पार्क बनाने, उनमें दिव्यांगो के लिए विशेष सुविधा देने का वादा भी किया है। वहीं स्ट्रीट वेंडर्स और फेरी वालों व्यवसाय स्थापित करने के लिए आर्थिक मदद और निकायों में अत्याधुनिक सभागार बनाने का वादा प्रदेश में विकास की नई तस्वीर खींचेगा। वहीं जल निकासी का समाधान, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाना, छात्रों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी बनाना, सफाई व्यवस्था को और बेहतर करना, स्ट्रीट लाइट की संख्या दोगुनी करना, गरीब परिवारों के घरों की छत पर सोलर पैनल लगाना, इलेक्ट्रिक बसें चलाना, शमशान घाट में स्वर्ग रोहिणी वाहन उपलब्ध करवाने जैसे वादे जनता को खूब भा रहे हैं। पार्किंग की समस्या का समाधान करना और मजबूत सड़कों का निर्माण, लावारिस पशुओं से राहत देने का वादा दूसरे दलों की चिंता बढ़ाने वाला है। कुल मिलाकर भाजपा के संकल्प पत्र के माध्यम से अपनी जीत का खाका तैयार कर लिया है। इस अवसर पर

मोदी की गांरटी पर देश वासियों को पूरा भरोसा
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गांरटी पर पूरे देश वासियोें को भरोसा है और यह देश की जनता ने साबित भी कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा, निकाय चुनाव में कांग्रेस अभी से हार मान रही है और एक तरह से चुनाव लड़ने के नाम पर औपचारिकता कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पर जनता-जनार्दन का भरोसा निरन्तर मजबूत हो रहा है। उन्होंने फरीदाबाद में चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड 28 से नामांकन कर चुके तिलपत गांव के पूर्व सरपंच नन्दकिशोर उर्फ पिंटू व सेक्टर 37 में समाजसेवी आरपी शर्मा व वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा को भाजपा में शामिल करवाया।