June 12, 2026

शहीद एएसआई योगराज मेहता को दी श्रद्धांजलि, शहादत दिवस पर याद किए गए वीर जवान

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की पहल पर 21 से 30 अक्टूबर तक पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 अक्टूबर को एनएच-5 स्थित राजकीय बाल माध्यमिक विद्यालय में शहीद पुलिस जवान योगराज मेहता को श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक माया, थाना एनआईटी प्रभारी निरीक्षक महावीर, पार्षद जसवंत सिंह, शहीद योगराज मेहता के परिजन अरविंद मेहता, सुभाष मेहता, आरूषि मेहता, संस्कृति मेहता, स्मृति मेहता, अर्पित मेहता, संजीत दत्ता और एनएच-5 एफ ब्लॉक आरडब्ल्यूए के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी माया ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मनाया जा रहा शहीदी दिवस पखवाड़ा उन पुलिस कर्मियों को समर्पित है जिन्होंने ड्यूटी के दौरान देश और समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

उन्होंने बताया कि एएसआई योगराज मेहता ने वर्ष 1976 में ईस्ट इंडिया कॉटन मिल में हुई अशांति के दौरान सैकड़ों उग्र कर्मचारियों को रोकने के प्रयास में वीरता दिखाई और कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए।

उनकी याद में आज भी एनएच-5 स्थित सरकारी स्कूल में उनका चित्र और उनकी वीरता की कहानी अंकित है। हर साल पुलिस स्मृति दिवस पर उन्हें और अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि देकर उनके बलिदान को याद किया जाता है।