Faridabad/Alive News: नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आगामी जनगणना 2027 को लेकर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को दूसरा एवं अंतिम दिन संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना से जुड़े सभी चार्ज ऑफिसरों ने भाग लिया और भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण सत्र के बाद निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी फरीदाबाद धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि देश की आगामी 16वीं जनगणना पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी। जनगणना के दौरान आंकड़े सीधे मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे, जिससे डेटा की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत अधिकारियों को मोबाइल ऐप, सेंसस मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से डेटा संग्रहण और उसकी निगरानी की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए भारत सरकार की ओर से सहायक निदेशक कृष्ण कुमार और जिला समन्वय अधिकारी एवं मुख्य ट्रेनर प्रशांत शर्मा द्वारा अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
निगम आयुक्त ने बताया कि इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनसंख्या, शिक्षा स्तर, रोजगार, आवास और अन्य सामाजिक-आर्थिक स्थितियों से संबंधित सटीक आंकड़े एकत्रित किए जा सकेंगे। ये आंकड़े सरकार को योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के उचित वितरण में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेंगे।
इस प्रशिक्षण सत्र में निगम के सभी क्षेत्रीय एवं कर अधिकारियों के अलावा तहसीलदार बल्लभगढ़, तहसीलदार बड़खल और फरीदाबाद तहसीलदार भी उपस्थित रहे।

