March 7, 2026

रेल किराया बढ़ा, 215 किमी से ज्यादा सफर पर हर किलोमीटर 1–2 पैसे ज्यादा देने होंगे

Delhi/Alive News: भारतीय रेलवे ने लंबी दूरी की यात्रा के किराए में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नया रेल किराया 26 दिसंबर 2025 से लागू होगा। इसके तहत 215 किलोमीटर से ज्यादा यात्रा करने वाले यात्रियों को अब हर किलोमीटर पर 1 से 2 पैसे अतिरिक्त चुकाने होंगे।

रेलवे के अनुसार, इस फैसले से उसे सालाना करीब 600 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आमदनी होगी। हालांकि, 215 किलोमीटर से कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों और मंथली सीजन टिकट (MST) धारकों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

किस क्लास में कितना बढ़ेगा किराया

लोकल ट्रेन और मंथली सीजन टिकट (MST) का किराया नहीं बढ़ेगा।

215 किमी तक साधारण (ऑर्डिनरी) क्लास में कोई बढ़ोतरी नहीं।

215 किमी से ज्यादा दूरी पर साधारण क्लास में 1 पैसा प्रति किमी बढ़ेगा।

मेल और एक्सप्रेस नॉन-एसी ट्रेनों में 2 पैसे प्रति किमी बढ़ोतरी होगी।

एसी क्लास में भी 2 पैसे प्रति किमी किराया बढ़ेगा।

उदाहरण के तौर पर, भोपाल से दिल्ली की दूरी करीब 800 किलोमीटर है। ऐसे में एसी क्लास में सफर करने पर यात्रियों को करीब 16 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।

छोटे रूट और रोजाना यात्रियों को राहत
रेलवे ने छोटे रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को राहत दी है। 215 किलोमीटर से कम दूरी की यात्रा पर किराया पहले जैसा ही रहेगा। इसके अलावा, लोकल ट्रेनों और मंथली सीजन टिकट की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों में रोज सफर करने वाले लाखों यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

किराया क्यों बढ़ाया गया
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, परिचालन लागत बढ़ने और नई ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए यह बढ़ोतरी जरूरी थी। किराए से मिलने वाली अतिरिक्त आय का इस्तेमाल इन्हीं कामों में किया जाएगा।

साल में दूसरी बार बढ़ा किराया

इससे पहले 1 जुलाई 2025 को भी रेलवे ने किराए में बढ़ोतरी की थी। तब नॉन-एसी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में 1 पैसा प्रति किमी और एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किमी किराया बढ़ाया गया था। इससे पहले वर्ष 2020 में यात्री किराया बढ़ाया गया था।