March 7, 2026

रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा: खाटू श्याम जा रहे दो दोस्तों की ट्रक की टक्कर से हुई मौत

Rewadi/Alive News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली–जयपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ईको कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका एक पहिया निकलकर दूर जा गिरा। इस हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे का शिकार सभी लोग आपस में दोस्त थे और राजस्थान के खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों में रेवाड़ी के गांव कालाका निवासी पवन (30) और प्रवीण (25) शामिल हैं। दोनों शादीशुदा थे। पवन के दो बेटे हैं, जिनमें छोटे बेटे का जन्म हाल ही में हुआ था और उसका कुआं पूजन भी अभी नहीं हुआ था। वहीं, प्रवीण चार बेटियों का पिता था।

यात्रा शुरू होते ही हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रविवार रात पवन, प्रवीण, विक्रम और पवन का भांजा कपिल ईको कार में सवार होकर खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे। अभी उनकी यात्रा शुरू ही हुई थी कि ओढ़ी गांव के पास सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ गया। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर के दौरान कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीट पर बैठे पवन और प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे विक्रम और कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने की मदद, ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने पवन और प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। विक्रम की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है, जबकि कपिल का इलाज रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में चल रहा है।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस के अनुसार, पवन ने ईको कार लोन पर ली थी, जिसे वह गांव में स्कूल के लिए किराए पर चलाता था। इसी कार से वे दर्शन के लिए निकले थे। पवन के पिता अभय सिंह खेती करते हैं। वहीं, प्रवीण गांव में छोटे-मोटे काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पिता सुरेंद्र भी किसान हैं।

पुलिस जांच जारी

बावल थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।