Faridabad/Alive News : फरीदाबाद के पल्ला नहर के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां खुले नाले में एक टियागो कार गिर गई। कार चालक व्यक्ति की पहचान योगेश कुमार (उम्र 42) के रूप में हुई है। बताया गया कि योगेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। योगेश डबुआ कॉलोनी का रहने वाला है और नोएडा की एक सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार योगेश अपनी ड्यूटी से लौट रहा था। पल्ला नहर के पास एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उसकी कार अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी। इस हादसे के बाद कार कीचड़ से भरे नाले में पूरी तरह धंस गई और योगेश कार से निकल नहीं पाया। इसकी वजह से योगेश की मौत हो गई। पुलिस ने योगेश के शव को कीचड़ से निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के समय घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में तमाशबीन लोग मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोग वीडियो बनाने में लगे रहे। बहुत कम लोग मदद के लिए आगे आए। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते मदद की जाती तो योगेश की जान बच सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नाले को कवर करने के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक उसे ढका नहीं गया। प्रशासन की लापरवाही से पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को बाहर निकलवाया और योगेश को बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

