February 3, 2025

जिंक की कमी से बचने के लिए अपनाएं ये 5 फूड्स

Lifetyle/Alive News: हमारे शरीर के लिए जिंक (Zinc) एक बेहद जरूरी मिनरल है, जो कई फिजिकल एक्टिविटीज को सुचारू ढंग से चलाने में मदद करता है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने, घाव भरने, डीएनए सिंथेसिस और सेल्स डिवीजन में बड़ा रोल प्ले करता है।

इसके अलावा, जिंक स्वाद और गंध की समझ को बनाए रखने में भी मददगार होता है, लेकिन जब शरीर में जिंक की कमी होती है, तो यह धीरे-धीरे शरीर को खोखला करने लगता है, जिससे सेहत से जुड़ी कई समस्याओं की वजह बन सकता है। इस आर्टिकल में हम जिंक की कमी के लक्षण, शरीर पर इसका असर और उन 5 चीजों (Foods For Zinc Deficiency) के बारे में आपको बताएंगे, जिन्हें डाइट में शामिल करके आप इस समस्या को दूर कर सकते हैं।

जिंक की कमी शरीर को कई तरह से प्रभावित करती है। इसकी कमी से इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है, जिससे व्यक्ति बार-बार बीमार पड़ने लगता है। घाव भरने में देरी, बालों का झड़ना, त्वचा संबंधी समस्याएं, स्वाद और गंध की कमी और विकास में रुकावट जैसी समस्याएं भी जिंक की कमी के कारण हो सकती हैं।

बच्चों में जिंक की कमी से उनकी ग्रोथ प्रभावित हो सकती है, जबकि वयस्कों में यह थकान, मेंटल और सेक्शुअल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकती है। जिंक की कमी का सबसे बड़ा खतरा यह है कि यह धीरे-धीरे शरीर को अंदर से कमजोर कर देता है। इसकी कमी के लक्षण तुरंत दिखाई नहीं देते, लेकिन समय के साथ यह शरीर को खोखला कर देती है। इसलिए, जिंक की कमी को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

जिंक की कमी को पूरा करेंगी 5 चीजें
जिंक की कमी को दूर करने के लिए सबसे अच्छा तरीका है कि आप अपने आहार में जिंक रिच फूड्स को शामिल करें। यहां 5 ऐसी चीजें बताई गई हैं, जो जिंक की कमी को पूरा करने में मददगार साबित हो सकती हैं। आइए जानें।
मीट
मीट जिंक का एक शानदार सोर्स है। खासतौर से रेड मीट (जैसे बीफ और लैम्ब) में जिंक की मात्रा अधिक होती है। चिकन और टर्की भी जिंक का अच्छा स्रोत हैं। अगर आप नॉन वेजिटेरियन हैं, तो अपनी डाइट में इन्हें शामिल करके आसानी से जिंक की कमी को पूरा कर सकते हैं।
सीफूड
सीफूड, विशेष रूप से शेलफिश, जिंक का एक बढ़िया सोर्स है। ऑयस्टर (सीप) में जिंक की मात्रा सबसे ज्यादा होती है। इसके अलावा, केकड़ा, झींगा और मछली भी जिंक का अच्छा स्रोत हैं। सीफूड न केवल जिंक बल्कि ओमेगा-3 फैटी एसिड और प्रोटीन से भी भरपूर होता है, जो सेहत के लिए फायदेमंद है।
दालें और बीज
दालें और बीज भी जिंक का एक शानदार सोर्स है। कद्दू के बीज, तिल के बीज, और अलसी के बीज में जिंक की मात्रा ज्यादा होती है। इसके अलावा, छोले, मसूर की दाल और राजमा जैसी दालें भी जिंक से भरपूर होती हैं। ये ऑप्शन नॉन वेजिटेरियन्स के लिए खासतौर से फायदेमंद हैं।
डेयरी प्रोडक्ट्स
डेयरी उत्पाद जैसे दूध, पनीर और दही में भी जिंक पाया जाता है। ये प्रोडक्ट्स न सिर्फ जिंक बल्कि कैल्शियम और प्रोटीन से भी भरपूर होते हैं, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद हैं। अगर आप लैक्टोज इनटॉलरेंट हैं, तो आप डेयरी के विकल्प के रूप में सोया मिल्क या नट्स से बने प्रोडक्ट्स को डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।
नट्स और साबुत अनाज
नट्स जैसे काजू, बादाम और अखरोट में जिंक की मात्रा अच्छी होती है। इसके अलावा, साबुत अनाज जैसे गेहूं, चावल और ओट्स भी जिंक का एक अच्छा स्रोत हैं। इन्हें अपनी डाइट में शामिल करके आप जिंक की कमी को पूरा कर सकते हैं। हालांकि, साबुत अनाज में फाइटेट्स नामक तत्व होता है, जो जिंक के अवशोषण को कम कर सकता है। इसलिए, इन्हें अंकुरित करके या फर्मेंट करके खाना बेहतर होता है।