March 7, 2026

प्रोफेसर पर चाकू से हमला करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कॉलेज के एक प्रोफेसर के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू निवासी गांव घोड़ी तुड़रे, जिला पलवल (हाल निवासी पियूष सोसायटी फरीदाबाद), सुमित निवासी गांव कोटवन, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) और दीपक निवासी गांव घोड़ी चांट, जिला पलवल के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पीड़ित सुभाष, निवासी भारत कॉलोनी फरीदाबाद ने थाना तिगांव में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को जब वह घर से कॉलेज जाने के लिए निकले, तो रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने हथौड़े से मारपीट की और चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना तिगांव में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि कॉलेज की एक महिला टीचर को नौकरी से निकाल दिया गया था। उसे शक था कि प्रोफेसर ने उसके खिलाफ साजिश की है। इसी रंजिश के चलते महिला ने अपने पति को इस बारे में बताया, जिसके बाद उसके पति के कहने पर आरोपियों ने प्रोफेसर पर हमला किया।