March 7, 2026

बूस्टर के खुले होल में गिरे तीन पिल्लों की मौत

Faridabad/Alive News: पर्वतीय कॉलोनी स्थित बूस्टर के खुले होल में गिरे तीन पिल्लों को निकालने का प्रयास नगर निगम और स्थानीय लोगों द्वारा देर रात तक चलता रहा। आखिरकार रात करीब एक बजे निगम की अर्थमूवर मशीन की मदद से तीनों पिल्लों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद और नगर निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि बूस्टर के होल को सही तरीके से ढकने के बजाय उस पर केवल कट्टा बिछा दिया गया था। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से पिल्लों की जगह छोटे बच्चे भी हादसे का शिकार हो सकते थे।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बूस्टर पर तैनात कर्मचारी को पहले ही होल को सुरक्षित रूप से ढकने के लिए कहा गया था, लेकिन शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया। रेस्क्यू के दौरान पानी की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास की कॉलोनियों में जल संकट उत्पन्न होने की आशंका है।

नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि बूस्टर के होल को बुधवार तक पूरी तरह ठीक करवा दिया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।