Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने गोल्ड बीडिंग के नाम पर 7.90 लाख रुपये की ठगी के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि सेक्टर-89 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने थाना साइबर सेंट्रल में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पास व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब के लिए मैसेज आया और उसके पास एक लिंक भेजा गया जिसमें गोल्ड में बीडिंग की जाती थी। इसके बाद उसे न्यूजीलैन्ड गोल्ड ग्रुप में जोड़ दिया। जहां लोग प्रतिदिन पैसा लगा कर अपने लाभ की जानकारी शेयर करते थे। जिसके बाद ठगों ने बिडींग के नाम पर उससे 7,90,687 रुपये ठग लिये। जिस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने अमृतपाल (24) सिंह निवासी रॉयल एस्टेट सोसायटी, एसएएस नगर, जीरकपुर, पंजाब, युगम (23) निवासी रायपुर खुर्द, चंडीगढ़ व संजीव कुमार (50) निवासी प्रताप कॉलोनी जिला पटियाला हाल एसएएस नगर, जिरकपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अमृतपाल ने खाताधारक विकास से खाते ले रखे थे और खाता में आये रुपयों को निकलवा कर वह युगम व संजीव को दे देता था। युगम व संजीव ने जिरकपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग/शेयर मार्केट में निवेश के लिए ऑफिस खोल रखा है और अमृतपाल इनके पास काम करता है। मामले में शिकायतकर्ता के पास व्हाट्सएप पर मैसेज व लिंक शेयर करने वाले, खाताधारक व खाता उपलब्ध करवाने वालों सहित तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

