May 21, 2024

तीन इनेलो नेताओं ने जेजेपी पार्टी की ज्वाइन

Faridabad/Alive News : रविवार को कैथल जिले में जननायक जनता पार्टी में कई इनेलो नेता शामिल हुए। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कैथल जिले के दौरे के दौरान पूंडरी से पूर्व इनेलो प्रत्याशी ज्ञान सिंह गुर्जर, इनेलो महिला जिला अध्यक्ष कमलेश श्योकंद, इनेलो की पूंडरी से हल्का प्रधान सरोज बरसाना सहित पूरी कार्यकारिणी का जेजेपी में स्वागत किया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सभी नेताओं को पार्टी में पूरा मान-सम्मान मिलेगा और उनके आने से पार्टी को मजबूती मिली है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, गुहला चीका से विधायक चौधरी ईश्वर सिंह भी मौजूद रहे।

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी संगठन को निरंतर मजबूत कर रहे है। उन्होंने कहा कि कैथल जिले में आज जेजेपी को बड़ी मजबूती मिली है जो कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। वहीं जेजेपी विधायक ईश्वर सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के कुशल नेतृत्व व कार्यशैली से प्रभावित होकर हर वर्ग के लोगों सहित विभिन्न पार्टियों के पदाधिकारी व सदस्य जेजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री हरियाणा की जनता के सच्चे हितैषी है और उनकी दूरदर्शी व सकारात्मक सोच के चलते हरियाणा में विकास व रोजगार के नए आयाम स्थापित हो रहे है।