March 7, 2026

छात्र पर चाकू से हमला करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने छात्र के साथ मारपीट कर चाकू मारकर घायल करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन कुमार निवासी इस्माईलपुर, फरीदाबाद, रेहान सैफी निवासी सनलाइट कॉलोनी, फरीदाबाद और विपिन निवासी जैतपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ओम एन्क्लेव पार्ट-1, फरीदाबाद निवासी हरि नारायण ने पुलिस चौकी नवीन नगर में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे आकाश और आरोपी रोशन के बीच पहले से कहासुनी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 17 जनवरी को रोशन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर आकाश के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच और पूछताछ के दौरान सामने आया कि पुरानी कहासुनी के कारण ही आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।