September 15, 2026

घरौड़ा पेट्रोल पंप के पास मारपीट मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गांव घरौड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम द्वारा की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भगवान सिंह निवासी गांव मंझावली ने थाना छांयसा में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को वह अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर तिंगांव से अपने गांव मंझावली जा रहे थे। जब वे घरौड़ा के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी धीरेन्द्र और उसके 10–12 साथियों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा ली और उनके साथ मारपीट की।

इस शिकायत के आधार पर थाना छांयसा में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने सूरज (20), समीर (20) और हेमंत (19) निवासी गांव घरौड़ा, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी मुख्य आरोपी धीरेन्द्र के दोस्त हैं। धीरेन्द्र की शिकायतकर्ता के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 20 जनवरी को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता पर डंडों से हमला किया था।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।