Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-17 की टीम ने रास्ता रोककर मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश (निवासी आर्यनगर, बल्लभगढ़), अमान (निवासी गांव अटाली) और पुलकित (निवासी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, बल्लभगढ़, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी फरीदाबाद निवासी अंकित ने शिकायत दी थी कि 16 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ संजय कॉलोनी से घर लौट रहा था। जब वे मेट्रो अस्पताल के पास पहुंचे, तो एक कार उनके सामने आकर रुकी। कार से 3-4 युवक उतरे और उनका रास्ता रोककर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों का पीछा किया, उनकी मोटरसाइकिल के आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोका और मारपीट की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

