Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने फर्जी चालान का लिंक भेजकर 43,232 रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर उन पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार एचबीसी कॉलोनी सेक्टर -81 निवासी ने दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 13 जुलाई को उसके पास व्हाट्सएप के माध्यम से उसके पास एक लिंक आया जिसमें लिखा हुआ था कि गाड़ी का चालान पेंडिंग है। जब उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसका फोन हैक हो गया और उसके फोन पर पेमेंट का ओटीपी आने शुरू हो गये और उसके खाता से कुल 43,232 रुपये कट गये जिनसे फ्लिपकार्ट से शॉपिंग हुई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश मुरादाबाद गांव बंगला निवासी दीपांशु कुमार सैनी, गोरखपुर ग्राम बुधनापार निवासी विनीत कुमार व हरियाणा गुड़गांव नसीराबाद दौलतपुर निवासी हर्ष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ठगो ने शिकायतकर्ता का फोन हैक कर फ्लिपकार्ट से 2 सोने के सिक्के का ओपन मार्केट में रिसीव करने का ऑर्डर किया था। इस डिलीवरी को आरोपी हर्ष ने विनीत और दीपांशु के कहने पर प्राप्त किया था। फिर विनीत और दीपांशु ने हर्ष से सोने के सिक्के लेकर टेलिग्राम के माध्यम से अन्य को बेच दिये थे और प्राप्त रुपए को आपस में बांट लिया था। मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है जिसने इसी तरह से एक फोन प्राप्त किया था ।

