Faridabad/Alive News: तिगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर के नेतृत्व में रविवार को एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली में भाग लिया। सुबह-सवेरे तिगांव क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग बदरपुर टोल प्लाजा के समीप एकत्र हुए, जहां से सैकड़ों वाहनों के लंबे काफिले के साथ वे दिल्ली के लिए रवाना हुए।
रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान ‘वोट चोरगद्दी छोड़’ और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम में कांग्रेस एससी विभाग के जिला संयोजक सुंदर नेताजी और युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष पंकज सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर रोहित नागर ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित यह महारैली देश की राजनीतिक फिजा बदलने का संकेत है। रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने साबित कर दिया है कि भाजपा की सरकार जनमत से नहीं, बल्कि कथित वोट हेराफेरी के जरिए बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के बाद बिहार में भी चुनावों में गड़बड़ी हुई है, जो जनता के अधिकारों पर चोट है।
रोहित नागर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने वोट के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
तिगांव क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पर आभार जताते हुए रोहित नागर ने कहा कि वे क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहेंगे और प्रदेश में आगामी सरकार कांग्रेस की बनेगी।

