March 17, 2026

ऑपरेशन मुस्कान के तहत क्राइम ब्रांच कैट ने कूड़ा बीनने वाली 2 छोटी बच्चियों को किया रेस्क्यू

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच कैट प्रभारी सरजीत सिंह की टीम ने फरीदाबाद से कूड़ा बीनने वाली दो छोटी बच्चियों को रेस्क्यू करके बाल कल्याण समिति में उनकी शिक्षा के लिए काउंसलिंग करवाई है। रेस्क्यू की गई लड़कियों की उम्र 10 व 11 वर्ष है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच कैट द्वारा फरीदाबाद के खेड़ीपुल एरिया से दो नाबालिग लड़कियों को कूड़ा बीनते हुए रेस्क्यू किया गया है। रेस्क्यू की गई लड़कियों की उम्र 10 व 11 वर्ष है।

क्राइम ब्रांच की टीम एरिया में गश्त कर रही थी कि उन्हें दोनों बच्चियां कूड़ा बिनती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम उनके पास गई और उन्हें प्यार से अपने पास बुलाकर उनके माता-पिता के बारे में पूछताछ की तथा कूड़ा बीनने का कारण पूछा जिस पर छोटी बच्चियों ने बताया कि उनके माता-पिता बहुत गरीब हैं और अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए वह कूड़ा बिनने का काम करती हैं।

लड़कियों को समझाया गया कि उन्हें स्कूल जाना चाहिए और पढ़ लिखकर अपने सामाजिक स्तर को ऊंचा उठाकर अपने माता-पिता की मदद करनी चाहिए ताकि तुम्हारे साथ साथ वह भी एक सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें। इसके पश्चात दोनों लड़कियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया जहां पर लड़कियों के परिजनों को भी बुलाया गया और उनकी काउंसलिंग की गई।

लड़कियों के माता-पिता को समझाया गया कि वह अपने बच्चों को स्कूल भेजें ताकि वह अच्छी शिक्षा प्राप्त करके एक अच्छा जीवन व्यतीत कर सकें और समाज में उनका भी सम्मान हो और उनकी वजह से आप भी गौरवान्वित महसूस कर सकें।

लड़कियों के माता-पिता ने पुलिस व बाल कल्याण समिति का धन्यवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि वह अपने बच्चों को स्कूल भेजेंगे और पढ़ा लिखाकर उनके जीवन को एक नई दिशा देंगे।