March 7, 2026

यह बजट हरियाणा की जनता का बजट है – कैबिनेट मंत्री

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट को जनता के विश्वास का दस्तावेज बताते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह बजट हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत बजट जनभागीदारी से निर्मित विकास का रोडमैप है।

मंत्री ने बताया कि 93 किमी लंबे दिल्ली–पानीपत आरआरटीएस कॉरिडोर और 64 किमी लंबे दिल्ली–फरीदाबाद ,नोएडा और जेवर एयरपोर्ट आरआरटीएस कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिससे प्रदेश में आधुनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। फरीदाबाद में 100 किमी सड़कों के स्मार्ट अपग्रेड और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की योजना भी शामिल है।

वर्ष 2026-27 का बजट आकार 2,23,658 करोड़ रूपये से अधिक है, जो पिछले वर्ष से लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। औद्योगिक विकास के लिए 500 करोड़ रुपये, न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 15,200, रूपये प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 20 हजार घर और 15,251 प्लॉट प्रस्तावित हैं।

शहरी निकायों के अंतर्गत पानी-सीवरेज सरचार्ज माफी, संपत्ति कर ब्याज छूट, 100 करोड़ का ग्रीन फंड और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना की जाएगी।

फरीदाबाद को ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने हेतु 260 किमी मास्टर सड़कें, जिला अस्पताल को 400 बेड तक विस्तार, 8 हजार ईडब्ल्यूएस फ्लैट और नया फायर स्टेशन स्थापित किया जाएगा।

मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।