March 7, 2026

बिजली कर्मचारियों से मारपीट के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: आलमपुर गांव में बिजली विभाग की टीम के साथ मारपीट करने के मामले में थाना धौज पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 10 जनवरी को बिजली विभाग की टीम गांव आलमपुर में बिजली चोरी की जांच के लिए पहुंची थी। जब टीम जावेद के घर जांच करने गई, तो वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए। इसी दौरान जावेद, उसके पिता और चाचा ने बिजली कर्मचारियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस संबंध में थाना धौज में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव आलमपुर निवासी फारुख को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि फारुख, जावेद का चाचा है। जब बिजली विभाग की टीम बिजली चोरी पकड़ने के लिए जावेद के घर पहुंची थी, तो फारुख ने अपने भतीजे जावेद और भाई सक्लेन के साथ मिलकर टीम को घेर लिया और मारपीट की।

इस मामले में जावेद और उसके पिता सक्लेन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।