April 26, 2024

चोरों ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री के बंगले में की चोरी, 18 किलो चांदी सहित अन्य सामानों पर किया हाथ साफ

Jaipur/Alive News : सिरोही जिले के कालंद्री थाना क्षेत्र में चोरों ने गुरुवार को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज पुरोहित के बंगले का ताला तोड़कर चांदी के बर्तनों समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह उनके बंगले पर पौधों की देखभाल करने के लिए नौकर पहुंचा तो ताले टूटे मिले। जिसके बाद नौकर ने राज के पुरोहित को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर डीएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। बंगले के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए कालंद्री थाने को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में कालंद्री थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

पूर्व मंत्री के मित्र ने कालंद्री थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दीपाराम के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज के पुरोहित का कॉल आया। उन्होंने बताया कि उनके तंवरी स्थित बंगले में चोरी की घटना की सूचना मिली है। इसके बाद वे खुद उनके बंगले पर पहुंचे, तो मकान के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने राज पुरोहित को फोन किया और पूरी जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार उनके मकान से चोर अलमारी में रखे कीमती सामान चुराकर ले गए है। लोहे की कोठी में चांदी के 40 गिलास, 40 चम्मच, 10 थालियां, चार ट्रे, चार जग, चांदी के 20 सिक्के, चांदी का कलश, चार लोटे और अन्य सामान चुरा ले गए। इन सभी सामानों का वजन करीब 18 किलो है।