March 7, 2026

माइग्रेन के दर्द को बढ़ा सकती हैं ये 5 आदतें

Delhi/Alive News: आजकल की भागदौड़ और गलत लाइफस्टाइल की वजह से माइग्रेन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। माइग्रेन एक तरह का तेज और झटकेदार सिरदर्द होता है, जो सिर के एक हिस्से में होता है। इसके साथ उल्टी आना, जी मचलाना, तेज रोशनी और आवाज से दिक्कत जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

कई बार हम खुद की कुछ आदतों की वजह से माइग्रेन को और बढ़ा देते हैं। आइए जानते हैं ऐसी 5 गलतियों के बारे में जो माइग्रेन के दर्द को ट्रिगर कर सकती हैं—

ज्यादा कैफीन लेना

बहुत ज्यादा चाय, कॉफी या चॉकलेट खाने से माइग्रेन का दर्द बढ़ सकता है क्योंकि इनमें कैफीन ज्यादा मात्रा में पाया जाता है। कम मात्रा में लेना ठीक है, लेकिन ज्यादा सेवन से बचें।

लगातार तनाव में रहना

तनाव या एंग्जाइटी माइग्रेन का बड़ा कारण है। तनाव से दिमाग में कुछ हार्मोन बदलते हैं, जो सिरदर्द को बढ़ा सकते हैं। कोशिश करें कि खुद को शांत और पॉजिटिव रखें।

दवाइयों का जरूरत से ज्यादा सेवन

कुछ दवाएं भी माइग्रेन को बढ़ा सकती हैं, खासकर अगर उन्हें लंबे समय तक और बिना डॉक्टर की सलाह के लिया जाए। इसलिए दवाइयों को लेकर हमेशा डॉक्टर से सलाह लें।

पूरी नींद न लेना या ज्यादा सोना

अगर आपकी नींद पूरी नहीं हो रही या आप बहुत ज्यादा सो रहे हैं, तो यह भी माइग्रेन को बढ़ा सकता है। रोजाना तय समय पर सोना और उठना जरूरी है।

मौसम में बदलाव

मौसम के बदलने से भी माइग्रेन ट्रिगर हो सकता है। तापमान या हवा में बदलाव का असर मूड और शरीर पर पड़ता है, जिससे सिरदर्द हो सकता है।

अगर आप बार-बार माइग्रेन से परेशान रहते हैं, तो अपनी दिनचर्या और आदतों पर ध्यान दें। समय पर इलाज और सही जीवनशैली से इस दर्द से राहत पाई जा सकती है।