April 24, 2024

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, लघुशंका का बहाना बना कर आरोपी फरार

Chandigarh/ Alive News: – हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर के नागरिक अस्पताल में कल शुक्रवार को एक आरोपी लघुशंका के बहाने पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिस उसकी मेडिकल कराने के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी रही। कई घंटे बाद वह पुलिस के काबू में आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

महिला थाना बहादुरगढ़ में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत एक मामला दर्ज हुआ था, उसमें महिला थाना की टीम ने गांव झाड़ोदा के निवासी रवि को पकड़ा था। उसे शुक्रवार को महिला थाना पुलिस की एक टीम शहर के नागरिक अस्पताल में मेडिकल जांच करवाने के लिए लेकर पहुंची थी। यहां जांच से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी।

इस दौरान आरोपी ने लघु शंका जाने की बात कही। इस पर पुलिसकर्मी शौचालय तक लेकर गया। इसी दौरान आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया।

पुलिस हिरासत के दौरान संगीन मामले में आरोपी के नागरिक अस्पताल से फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। महिला थाना के अलावा थाना शहर से पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें जुट गई। इस घटना के करीब तीन घंटे बाद आरोपी आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।