March 11, 2026

फरीदाबाद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, सप्लाई पूरी तरह सामान्य: डीएफएससी

Faridabad/Alive News: जिला फरीदाबाद में एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और आम नागरिकों को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की आवश्यकता नहीं है। जिले में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। यह जानकारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता ने दी।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में बीपीसीएल, एचपीसीएल और आईओसीएल की कुल 45 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जिले में प्रतिदिन औसतन करीब 20,000 एलपीजी सिलेंडरों की मांग रहती है और वर्तमान में मांग के अनुसार पूरी आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

डीएफएससी ने बताया कि विभाग के इंस्पेक्टर लगातार फील्ड में तैनात हैं और गैस एजेंसियों की सप्लाई व वितरण व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की जमाखोरी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों व अन्य जरूरी संस्थानों के लिए भी गैस की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी है, इसलिए आम नागरिक घबराएं नहीं और सामान्य रूप से गैस का उपयोग करें।