Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर-25 स्थित हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के डेडिकेटेड स्टोर से सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोईनुदीन के रूप में हुई है, जो दरियागंज का रहने वाला है और कबाड़ी का काम करता है। पुलिस ने उसके गोदाम से चोरी किया गया सामान बरामद किया है, जिसमें 2 कॉपर वायर बंडल, 16 एल्युमिनियम तार बंडल, 5 एल्युमिनियम वायर बंडल, 56 एल्युमिनियम वायर पीस और 4 तारों के ड्रम शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 3 फरवरी को बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता ने शिकायत दी थी कि स्टोर से अनआर्मर्ड कॉपर केबल और अन्य सामान चोरी हो गया है। इस पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि चोरी में आरोपी की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कबाड़ के गोदाम से चोरी का सामान बरामद किया।
आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।

