March 7, 2026

युवक ने महिला पर किया हमला, पति छोड़ने का बना रहा था दबाव

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला का पुराना परिचित युवक उस पर पति को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कन्हैया नाम का युवक उसका पुराना जानकार है। करीब तीन साल पहले वह चोरी के मामले में जेल गया था, जिसके बाद महिला ने उससे संपर्क तोड़ लिया था। फिलहाल महिला अपने पति और बच्चों के साथ सराय ख्वाजा क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहती है।

महिला का आरोप है कि कन्हैया हाल ही में जेल से छूटकर आया है और दोबारा उससे दोस्ती करने व पति को छोड़ने का दबाव बना रहा था। गुरुवार को जब महिला बाजार जा रही थी, तभी रास्ते में कन्हैया ने उसे रोक लिया। उसने फिर से साथ रहने की बात कही। महिला के मना करने पर आरोपी ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर ब्लेड से उसके चेहरे पर हमला कर दिया।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया। घायल महिला ने बाद में सराय ख्वाजा थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई।

जांच अधिकारी वेदप्रकाश ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी पहले एनआईटी-3 क्षेत्र में रहता था, लेकिन अब वहां से भी मकान खाली कर चुका है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।