April 20, 2024

चालान काटने पर भड़के युवक ने सिपाही को किया घायल, आरोपी फरार

New Delhi/Alive News : चालान करने पर एक युवक ने सिपाही के चेहरे पर ईंट मार दी और मौके से फरार हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला दिल्ली के हरिनगर इलाके की बतायी जा रही है। वहीं पुलिस ने सिपाही का इलाज करवाने के बाद घायल सिपाही का बयान दर्ज कर लिया है और पुलिस फरार आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

मिली जानकारी के अनुसार जनकपुरी सर्किल में कार्यरत सिपाही सतीश कुमार की जेल रोड फतेह नगर में तैनाती है। बुधवार शाम सतीश अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ट्रैफिक चला रहा था। इसी दौरान डाबड़ी की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहन रखा था। सतीश ने बाइक को रोकने का इशारा किया। लेकिन बाइक चालक वहां से भागने की कोशिश करने लगा। उसी दौरान बाइक से एक राहगीर को टक्कर लग गई। जिसके कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।

युवकों के गिरते ही सिपाही वहां पहुंचा और दोनों को दबोच लिया। सिपाही ने बाइक सवारों का बिना हेलमेट का चालान कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चालान करते ही बाइक चला रहा युवक सिपाही को चालान करने पर उसे धमकी देने लगा और दोनों युवक वहां से चले गए। सिपाही सतीश फिर से ट्रैफिक चलाने लगा।

बाइक चला रहा युवक करीब आधे घंटे के बाद फिर सतीश के पास पंहुचा और चालान करने को लेकर उसे धमकाने लगा। जब तक सतीश कुछ समझ पाता युवक ने हाथ में लिए ईंट से उसके चेहरे पर जोरदार वार कर दिया और सतीश बुरी तरह घायल हो गया और उसके चेहरे से खून निकलने लगा। 

जब तक अन्य पुलिस वाले हमलावर को पकड़ पाते। तब तक हमलावर वहां से फरार हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने घायल अवस्था में सतीश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और वहां घटना की जानकारी हरिनगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।