March 7, 2026

तिरुपति के शिल्पी फूला चंदू की वुड कार्विंग बनी आकर्षण का केंद्र

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की देखरेख में सूरजकुंड, फरीदाबाद में आयोजित 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में देशभर के हस्तशिल्पियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। ‘लोकल फॉर ग्लोबल–आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित यह मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन को साकार कर रहा है।

मेले में तिरुपति बालाजी से आए हस्तशिल्पी फूला चंदू अपनी वुड कार्विंग कला के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। लकड़ी पर बारीक नक्काशी कर देवी-देवताओं की मूर्तियां गढ़ने में माहिर फूला चंदू की स्टॉल गेट नंबर-3 पर ‘फूला वुड कार्विंग’ (स्टॉल नंबर 1284) लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई है।

फूला चंदू ने बताया कि वे संगवान व महागनी जैसी लकड़ियों से भगवान गणेश, बुद्ध, श्रीकृष्ण, वेंकटेश्वर, विष्णु और तिरुपति बालाजी की मूर्तियां तैयार करते हैं, जिनकी चमक वर्षों तक बनी रहती है। उन्होंने कहा कि वुड कार्विंग उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली है और यह पूरी तरह हाथ से किया जाने वाला मेहनत भरा कार्य है।

उन्होंने बताया कि 1 फीट से 6 फीट तक की मूर्तियां बनाने में महीनों का समय लगता है, जिसमें 6 फीट की प्रतिमा तैयार करने में लगभग छह माह लग जाते हैं। फूला चंदू ने कहा कि वे अपनी इस पुश्तैनी कला को आगे बढ़ाते हुए आत्मनिर्भर भारत अभियान में योगदान देना चाहते हैं।