August 22, 2026

नशे की पूर्ति के लिए बन गया चोर, पुलिस ने किया काबू

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच 65 प्रभारी ब्रह्म प्रकाश की टीम ने एक मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम मनीष है जो बल्लभगढ़ निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदि है और इसकी पूर्ति के लिए वाहन चोरी करता है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी ने 4 दिन पहले फरीदाबाद के तिगांव एरिया से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। जिसका मुकदमा थाना तिगांव थाने में दर्ज है। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित तिगांव पुल से काबू कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है और नशे की हालत में ही उसने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।