June 26, 2026

“समाधान से विकास-2021” योजना की अवधि 31 मार्च 2026 तक बढ़ी

फोटो : नगर निगम कार्यालय

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने लाइसेंस एवं सीएलयू मामलों में लंबे समय से लंबित बाह्य विकास शुल्क की वसूली को गति देने के उद्देश्य से एकमुश्त समाधान योजना “समाधान से विकास-2021” की अवधि बढ़ाकर अब 31 मार्च 2026 तक कर दी है।

नगर निगम के सीनियर टाउन प्लानर धर्मपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग हरियाणा के आदेशों के अनुपालन में लिया गया है। निगम द्वारा योजना के विस्तार का प्रावधान औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है।

जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार आम जनता को योजना का अधिकतम लाभ देने और लंबित ईडीसी देयों की वसूली सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

निगम प्रशासन ने संबंधित सभी हितधारकों से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाकर निर्धारित समयावधि में अपने लंबित देयों का निपटान कर लें, ताकि किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के विस्तार से न केवल लंबित राजस्व की वसूली में तेजी आएगी, बल्कि शहर के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।