Faridabad/Alive News: सूरजकुंड में चल रहे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में शनिवार को वीकेंड के अवसर पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। देश-विदेश से आए लोगों ने जमकर खरीदारी की और मेले के रंग-रूप का आनंद लिया। आगंतुकों ने यहां की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
बीके अस्पताल से मेला देखने आई नर्सिंग ऑफिसर रीनू ने बताया कि वह कई वर्षों से यहां आ रही हैं। इस बार मेले में घूमते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति के रंग और भी खास लगे। लोकसंगीत की धुन, हस्तशिल्प से सजी दुकानें और मिट्टी की सौंधी खुशबू ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
रीनू की नजर एक आकर्षक खादी की कुर्ती पर पड़ी, जिसका हल्का क्रीम रंग और सादगी भरा डिजाइन उन्हें बेहद पसंद आया। गले पर की गई रंगीन धागों की कढ़ाई ने कुर्ती को खास बना दिया। उन्होंने टाइगर आई पत्थर का नेकलेस भी खरीदा। उनके अनुसार ये वस्त्र और आभूषण केवल सामान नहीं, बल्कि भारतीय कारीगरों की मेहनत और कला का प्रतीक हैं।
बहादुरगढ़ से आई शीतल ने मेले को हस्तशिल्प कला का अनूठा संगम बताया। उनका कहना है कि यहां देश-विदेश की कला और संस्कृति एक साथ देखने को मिलती है, जो इसे खास बनाती है।
वहीं नजफगढ़ से आई मीतू ने कहा कि साल में एक बार लगने वाले इस मेले की यादें पूरे वर्ष बनी रहती हैं। वह यहां से घरेलू जरूरत का सामान खरीदना पसंद करती हैं। उनके अनुसार इस बार कई वस्तुएं पिछले साल की तुलना में अधिक किफायती हैं, जिससे खरीदारी का आनंद और बढ़ गया।
कुल मिलाकर, वीकेंड पर लगा यह मेला खरीदारी, संस्कृति और पारंपरिक कला के सुंदर मेल के रूप में पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बनता नजर आया।

