March 7, 2026

छात्र-छात्राओं ने लिया बाल विवाह न करने का संकल्प

Faridabad/Alive News: भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आज वीरवार को उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाकरी, पाली, बदरौला, कुरैशीपुर, सोतई, मच्छगर सहित अन्य कई स्कूलों में बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए। 
संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी हेमा कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन के उद्देश्य से 27 नवंबर से जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में इसके विरुद्ध सकारात्मक सोच विकसित करना है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लागू कानूनी प्रावधानों की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। कानून की जानकारी से ही समाज में इस कुप्रथा को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।