Faridabad/Alive News: विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पलवल के गदपुरी स्थित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स नेशनल यूथ कॉम्प्लेक्स में सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा की नौ छात्राओं ने हिस्सा लेकर विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई। शिविर के दौरान छात्राओं ने न केवल सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लिया, बल्कि कैंपिंग और साहसिक गतिविधियों के जरिए आत्मनिर्भरता, सहयोग और टीम भावना का अनुभव भी हासिल किया।
शिविर में कक्षा 12वीं की रुचि, वंदना, सौम्या, सुपर्णा, तुलसी, रागिनी, पूजा, नैंसी और शिबा शामिल रहीं। उनके साथ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं हिंदी प्रवक्ता सीमा भी मौजूद रहीं। शिविर का आयोजन जिला एनएसएस समन्वयक डॉ. सजल सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। सात दिनों तक चली गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों और पृष्ठभूमि के लोगों के साथ मिलकर काम करने का अवसर मिला।
समापन समारोह में राज्य एनएसएस समन्वयक डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन और सहभागिता के लिए मेडल, स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

