May 20, 2024

डीएवी कॉलेज के विद्यार्थियों को कम्युनिटी रेडियो की कार्यप्रणाली से कराया

Faridabad/Alive News : डीएवी कॉलेज के पत्रकारिता विभाग के छात्रों ने एन.जी.एफ. इंजीनियरिंग कॉलेज, पलवल के सामुदायिक रेडियो स्टेशन दिल से दिल तक 90.4 का भ्रमण व अवलोकन किया। इस भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारिता विभाग के छात्रों को एक रेडियो स्टेशन की कार्यप्रणाली व तकनीकी से अवगत कराना रहा।

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के लगभग 40 छात्रों ने एन.जी.एफ. इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया। छात्रों ने कॉलेज परिसर स्थित सामुदायिक रेडियो स्टेशन का अवलोकन किया। एन.जी.एफ. रेडियो के प्रोग्राम संचालक जितेश ने छात्रों की अगवानी की। वह छात्रों को रेडियो प्रसारण रूम में लेकर गए। उन्होंने छात्रों को एक सामुदायिक रेडियो क्या होता है और किस तरह से काम करता है, के बारे में बताया।

एन.जी.एफ. कॉलेज के रेडियो तकनीशियन आलोक ने छात्रों को प्रोग्राम को कैसे रिकॉर्ड, एडिट व ब्रॉडकास्ट किया जाता है, के बारे में बताया। उन्होंने रेडियो के क्षेत्र में अलग-अलग संभावित जॉब्स के लिए अपने आप को कैसे तैयार करना है, के बारे में बताया। उन्होंने छात्रों को बताया की आप हमारे यहाँ रेडियो में इन्टर्नशिप किस तरीके से कर सकते है। वॉइस ऑवर आर्टिस्ट रिकॉर्डिंग रूम में मौजूद मैडम योगिता ने छात्रों को वॉइस ऑवर आर्टिस्ट की कार्यविधि को समझाया। उन्होंने रेडियो का इतिहास भी छात्रों के समक्ष रखा।