Faridabad/Alive News: हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा 2 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2025 तक सूरजकुंड मेले के प्रांगण में द्वितीय सूरजकुंड दिवाली मेला आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन ‘आत्मनिर्भर भारत – स्वदेशी मेला’ की थीम पर आधारित होगा, जिसमें दिवाली की रौनक, स्वदेशी उत्पाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।
मेले के दौरान सांस्कृतिक कैलेंडर के अंतर्गत देशभर से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। 2 अक्टूबर को प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना मीनू ठाकुर अपने विशेष नृत्य प्रदर्शन से मेले की शुरुआत करेंगी। 3 अक्टूबर को एनजीएफ कॉलेज, पलवल के युवा फैशन डिजाइनर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 4 अक्टूबर को पंजाबी गायक दिपेश राय अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। 5 अक्टूबर को ‘इंडियन आइडल’ फेम सलमान अली अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का दिल जीतेंगे। 6 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक धुनों से सजी प्रस्तुति हिमाचल पुलिस बैंड द्वारा दी जाएगी। मेले का समापन 7 अक्टूबर को रंगारंग क्लोजिंग सेरेमनी के साथ होगा।
मेले में हस्तशिल्प उत्पाद, पारंपरिक परिधान, गृह सज्जा की वस्तुएं, स्वदेशी सामान, स्वादिष्ट व्यंजन और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण होंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या, फूड बाज़ार और स्टार परफॉर्मेंस इस मेले को खास बनाएंगे।
इस अवसर पर मेले में भाग लेने के इच्छुक उद्यमी, शिल्पकार और व्यापारी अपने स्टॉल के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। साथ ही, दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। हरियाणा पर्यटन विभाग ने इसके लिए विशेष क्यूआर कोड जारी किया है, जिसे स्कैन करके स्टॉल पंजीकरण एवं टिकट बुकिंग आसानी से की जा सकती है।

