March 4, 2025

पुलिस ने रात को 13 महिलाओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया

Faridabad/Alive News : दुर्गा शक्ति की टीम ने महिला सुरक्षा की दिशा में किए जा रहे बेहतरीन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए रात्रि के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने में असमर्थ 13 महिलाओं को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाकर कानून व्यवस्था व महिला सुरक्षा सुदृढ़ करने का सराहनीय कार्य किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त माह में फरीदाबाद पुलिस की ईआरवी और दुर्गा शक्ति द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में सराहनीय कार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्गा शक्ति तथा डायल 112 टीम को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि यदि रात्रि के समय कोई भी महिला जिसे रात्रि के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिल रहा हो या किसी कारणवश वह परेशान हो रही है तो पुलिस टीम उसे सरकारी गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाकर आएगी।

इसके लिए पुलिस की डायल 112 टीम सारी रात शहर में पेट्रोलिंग करती है ताकि कानून व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उक्त दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस टीम ने इस संबंध में सराहनीय कार्य किया है।