March 7, 2026

संघ शताब्दी वर्ष पर नागरिक विचार गोष्ठी का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक भवन में नागरिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष व पंच परिवर्तन की समाज निर्माण में भूमिका” रहा। गोष्ठी में क्षेत्र के प्रबुद्ध जन, गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

गोष्ठी में आईएमटी अध्यक्ष एवं उद्योगपति हेमंत कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में ‘पंच परिवर्तन’ के लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज के सर्वांगीण विकास में इसकी आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक ठकराल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में न्याय और राष्ट्रवाद का संतुलन आवश्यक है। शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और नागरिक कर्तव्यों को समझने का अवसर है।

स्वदेशी जागरण मंच के सह संयोजक सत्येंद्र सोरोत ने ‘पंच परिवर्तन’ के अंतर्गत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली और नागरिक कर्तव्य की महत्ता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाना और कुटुंब प्रबोधन को मजबूत करना समाज निर्माण के लिए अनिवार्य है। ये पांच परिवर्तन भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त मार्गदर्शक के रूप में स्थापित करेंगे।

कार्यक्रम में प्रो. पवन सिंह, डॉ. जगदीश चौधरी, विजय, सुनील मित्तल एवं उदयवीर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन रेनू आर्य ने किया। समारोह स्थल पर प्रचार विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर उपलब्ध साहित्य का अवलोकन किया गया। संगोष्ठी के उपरांत देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत पुस्तकों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। आयोजन में विजयपाल एवं संजय का विशेष सहयोग रहा।