Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में हरियाणा रोडवेज ने बल्लभगढ़ बस डिपो से हरिद्वार जाने वाली रात की बस सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। रोडवेज के अनुसार, रात की बस में यात्रियों की संख्या काफी कम होने के कारण यह फैसला लिया गया है।
पहले बल्लभगढ़ बस डिपो से हरिद्वार के लिए रोजाना दो बसें चलती थीं। इनमें से एक बस सुबह 5:30 बजे रवाना होती थी, जबकि दूसरी बस रात 8 बजे हरिद्वार के लिए जाती थी। अब रात 8 बजे चलने वाली बस सेवा बंद कर दी गई है और यात्रियों को केवल सुबह 5:30 बजे की बस ही उपलब्ध होगी।
ट्रैफिक मैनेजर नवनीत बजाज ने बताया कि रात के समय बस में बहुत कम सवारियां होती थीं, इसलिए इस सेवा को फिलहाल बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जाने वाले यात्री सुबह की बस से यात्रा कर सकते हैं।
इसके अलावा, पलवल बस डिपो से भी हरिद्वार के लिए दो बसें चलाई जा रही हैं। इनमें से एक बस सुबह 5:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे रवाना होती है। ये दोनों बसें बल्लभगढ़ बस डिपो से होकर गुजरती हैं, इसलिए फरीदाबाद और आसपास के यात्री इन बसों से भी सफर कर सकते हैं।

