March 7, 2026

नगर निगम शुरू करेगा ‘पेंट माई सिटी’ अभियान

Faridabad/Alive News: शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर निगम जल्द ही ‘पेंट माई सिटी’ अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम रचनात्मक और नवाचारपूर्ण पेंटिंग करने वाली एजेंसियों व कलाकारों की मदद लेगा। योजना के अनुसार शहर की सरकारी दीवारों, भवनों, पुलों और अधिक जन-आवागमन वाले स्थानों पर आकर्षक पेंटिंग और 3डी वॉल पेंटिंग कराई जाएगी।

नगर निगम के एसडीओ लख्मीचंद ने बताया कि इस अभियान के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इच्छुक एजेंसियां 31 जनवरी तक आवेदन कर सकती हैं। इसके बाद एक उपयुक्त एजेंसी का चयन किया जाएगा।

परियोजना की निगरानी कर रहे विजय पांडेय ने बताया कि यह कार्य केवल अनुभवी और एक्सपर्ट एजेंसी को ही सौंपा जाएगा। ऐसी एजेंसियों के पास पहले से इस तरह के कार्य का अनुभव होता है और आवश्यक सामग्री भी आसानी से उपलब्ध रहती है, जिससे कार्य समय पर पूरा किया जा सकेगा।

शहर की बदहाल दीवारों को मिलेगी नई पहचान

फिलहाल शहर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और सरकारी दीवारें गंदगी व पोस्टरों से अटी पड़ी हैं। कई दीवारें पोस्टर वॉल में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है।

नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान तो चलाए जाते हैं, लेकिन दीवारों की स्थिति पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। इसी को ध्यान में रखते हुए अब नगर निगम ने चिन्हित दीवारों पर स्वच्छता संदेशों वाले स्लोगन और कलात्मक पेंटिंग बनाने का निर्णय लिया है।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास

‘पेंट माई सिटी’ अभियान के माध्यम से नगर निगम का उद्देश्य न केवल शहर को सुंदर बनाना है, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। उम्मीद है कि आकर्षक पेंटिंग और संदेशों को देखकर लोग दीवारों को गंदा करने से बचेंगे और शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करेंगे।