March 7, 2026

फरीदाबाद में अवैध चार मंजिला भवनों पर निगम की सख्त कार्रवाई की तैयारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नगर निगम ने अवैध रूप से बनाए गए चार मंजिला भवनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। निगम ऐसे भवनों की सूची तैयार कर रहा है और इनके निर्माण में शामिल बिल्डरों पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। निगम का कहना है कि इन भवनों के निर्माण में तय नियमों और मानकों का पालन नहीं किया गया है।

नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोशी ने बताया कि अब तक किए गए सर्वे में एनआईटी जोन में ही 15 ऐसे चार मंजिला भवन पाए गए हैं, जो नियमों के खिलाफ बनाए गए हैं। इन भवनों को लेकर समाधान शिविरों में भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि चार मंजिला भवन बनने से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आने की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।

नियमों के अनुसार, चार मंजिला भवन बनाने के लिए पड़ोसी की एनओसी जरूरी होती है और भवन के सामने कम से कम 10 मीटर चौड़ी सड़क होनी चाहिए। जांच में पाया गया है कि अधिकतर भवन इन नियमों पर खरे नहीं उतरते।

डिप्टी कमिश्नर ने साफ किया कि अवैध भवन बनाने वाले बिल्डरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए यह पता लगाया जा रहा है कि किस भवन का निर्माण किस बिल्डर ने किया है। उन्होंने बताया कि एनआईटी जोन में सर्वे पूरा हो चुका है और अब फरीदाबाद के अन्य जोनों में भी अवैध चार मंजिला भवनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।