March 11, 2026

नालों को ढकने की तैयारी में नगर निगम, बल्लभगढ़ में चार स्थानों पर लगेंगे स्लैब

Faridabad/Alive News: बारिश के मौसम से पहले संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने शहर के खुले नालों को ढकने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में बल्लभगढ़ क्षेत्र के चार प्रमुख नालों पर स्लैब लगाए जाएंगे।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार मिल्क प्लांट रोड ड्रेन, सीही रोड ड्रेन, मलेरना रोड ड्रेन और अज्जी कॉलोनी ड्रेन पर स्लैब बिछाने का काम किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 1.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

शहर में पानी की निकासी के लिए करीब 138 किलोमीटर लंबा सीवर और पाइप्ड ड्रेनेज सिस्टम है, जिसमें लगभग 95 किलोमीटर स्टॉर्म वॉटर पाइपलाइन और 43 किलोमीटर खुले नाले शामिल हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 38 नाले हैं, जिनमें से अधिकांश अभी खुले हैं।

नगर निगम अधकारियों का कहना है कि खुले नालों के कारण अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है और शहर की सुंदरता भी प्रभावित होती है। पिछले वर्ष सितंबर में बल्लभगढ़ क्षेत्र में नाले में गिरने से तीन युवकों की मौत के बाद इस मुद्दे ने गंभीर रूप लिया था। इसके बाद मेयर ने नालों का निरीक्षण कर बड़े और छोटे नालों के दोनों ओर स्लैब लगाने के निर्देश दिए थे।

निगम का मानना है कि नालों को ढकने से न केवल हादसों की आशंका कम होगी, बल्कि शहर की सफाई और सौंदर्य भी बेहतर होगा।

क्या कहना है नगर निगम कमिश्नर का

शहर में खुले नालों को ढकने का काम चल रहा है। इससे न सिर्फ हादसे रुकेंगे बल्कि स्वच्छ भारत अभियान में शहर की परफॉर्मेंस भी बेहतर होगी।

धीरेंद्र खड़गटा, नगर निगम कमिश्नर