Faridabad/Alive News: सूरजकुंड में चल रहे अंतरराष्ट्रीय शिल्प महोत्सव की मुख्य चौपाल इन दिनों विश्व की लोक संस्कृतियों का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। यहां देश-विदेश से आए कलाकार नृत्य, गायन और वाद्य यंत्रों के माध्यम से अपनी पारंपरिक संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्य चौपाल पर हर दिन अलग-अलग देशों और भारतीय राज्यों के कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
शुक्रवार को केप वर्डे, टोगो, मालावी, कांगो, रूस, घाना और कजाकिस्तान के कलाकारों ने अपनी लोक प्रस्तुतियों से माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। वहीं भारत के विभिन्न राज्यों के लोक कलाकारों ने भी अपनी परंपरागत कला से खूब तालियां बटोरीं।
यह आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटकों को विभिन्न देशों और राज्यों की संस्कृति से जोड़ना और लोक कलाकारों को बड़ा मंच देना है।
मुख्य चौपाल पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए दिनभर दर्शकों की भीड़ लगी रहती है। कलाकारों का कहना है कि इस मेले ने उन्हें विश्व स्तर पर अपनी कला दिखाने का शानदार अवसर दिया है और इससे उनकी पहचान और सम्मान दोनों बढ़ रहे हैं।

