September 23, 2026

जेवर के मां भूड़ावाली मंदिर का बदलेगा स्वरूप, 1 करोड़ की लागत से होगा नवीनीकरण

Noida/Alive News: मां भूड़ावाली देवी मंदिर के नवीनीकरण एवं विकास कार्य का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ किया गया।

एक करोड़ पांच लाख रुपये की धनराशि से मंदिर परिसर का विकास और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ मंदिर परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

जेवर के सिरसा माचीपुर स्थित मां भूड़ावाली देवी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। धार्मिक स्थलों का विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने मंदिर के सौंदर्यीकरण कराने के लिए एक करोड़ पांच लाख रुपये की धनराशि जारी की है।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों का शुभारंभ कराते हुए कहा कि मंदिर के विकास से श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।