March 7, 2026

एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण पर समीक्षा बैठक में फरीदाबाद नगर निगम की पहल को मिली सराहना

Delhi/Alive News: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में दिल्ली में आयोजित दिल्ली-एनसीआर वायु प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में फरीदाबाद नगर निगम की पॉटहोल रिपेयर एंड मेंटेनेंस वैन को विशेष सराहना मिली। बैठक में फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भाग लेते हुए आगामी वर्ष के लिए तैयार एक्शन प्लान प्रस्तुत किया।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि बैठक के दौरान फरीदाबाद नगर निगम द्वारा संचालित पॉटहोल रिपेयर एंड मेंटेनेंस वैन को शहरों के लिए आदर्श मॉडल के रूप में सराहा गया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस पहल को रोल मॉडल बताते हुए दिल्ली सहित अन्य शहरों में भी इसे अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सड़क गड्ढों की त्वरित मरम्मत से जहां यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होती है, वहीं धूल प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाता है।

बैठक में धूल नियंत्रण के लिए सड़कों का एंड-टू-एंड पक्काकरण एवं टाइलिंग, सड़कों के किनारे और खाली स्थानों पर पौधारोपण तथा पौधा वितरण जैसे कार्यों की भी प्रशंसा की गई। इसके साथ ही वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों, एंटी-स्मॉग गन और वॉटर स्प्रिंकलर के उपयोग की विस्तृत समीक्षा की गई।

नगर निगम फरीदाबाद ने आश्वस्त किया कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में ठोस और स्थायी सुधार के लिए प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी आवश्यक कदम भविष्य में भी निरंतर और प्रभावी रूप से जारी रखे जाएंगे।