September 12, 2026

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की चिंता, 4,270 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की हुई पहचान

New Delhi/Alive News : कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश में लगातार तीन दिन से चार हजार के आसपास मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के अंदर 4,270 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, एक दिन पहले शनिवार को 3962 केस दर्ज किए गए थे। वहीं शुक्रवार को 4041 नए मामले आए थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते तीन दिनों में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। देश में अब 24,052 सक्रिय मरीज हैं। शनिवार की तुलना में इनमें करीब दो हजार का इजाफा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 2,619 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 15 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के इन बढ़ते आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग की फिर से चिंता बढ़ा दी है।


देश में अब तक सामने आए कोरोना मरीजों की बात की जाए तो इनकी संख्या 4,31,76,817 पहुंच गई है। वहीं कोरोना से अब तक कुल 4,26,28,073 लोग ठीक हुए हैं। कुल मौतों की संख्या 5,24,692 पहुंच गई है।

जबकि राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 405 नए मामले मिले हैं व किसी भी मरीज की संक्रमण के चलते जान नहीं गई है। नए मामलों के साथ संक्रमण दर 2.07 फीसदी रही है। राहत की बात है कि 384 मरीज कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हुए हैं।