May 19, 2024

खबर का असर: पीड़ित महिला को मिला उसके पति का पार्थव शरीर

Faridabad/Alive News: “जिला प्रशासन नहीं लगा पा रहा निजी अस्पतालों की मनमानी पर लगाम” नामक शीर्षक से अलाइव न्यूज़ द्वारा चलाई गई खबर पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल मामले में हस्तक्षेप कर बकाया बिल की राशि को माफ़ कर शव को मृतक की पत्नी को लौटा दिया है। मृतक संतोष बोस हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 55 का निवासी था।

मृतक के पडोसी संजय खट्टर ने बताया कि मृतक पहले से डायबिटीज का पेशेंट थे। कुछ समय पहले ही फोर्टिस एस्कॉर्ट में मृतक संतोष कुमार बोस और उनकी धर्मपत्नी अनीमा बोस कोविड-19 वैक्सीन का टीका लगवाकर गए थे। लेकिन घर जाने के बाद संतोष बोस की तबीयत अचानक खराब होने लगी। जिसके बाद संतोष बोस ने एस्कॉर्ट फोर्टिस अस्पताल में अपना चेकअप करवाया था और दवाई ले रहे थे। लेकिन उनकी तबीयत सुधरने की बजाए और अधिक बिगड़ने लगी।

मृतक की धर्मपत्नी अनीमा बोस ने बताया कि तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण संतोष बोस को फोर्टिस एस्कोर्ट में दाखिल करा दिया गया। उस दिन से 24 मई तक अस्पताल प्रशासन मरीज का इलाज करता रहा। लेकिन संतोष बोस की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। अस्पताल द्वारा अधिक प्रेशर पर ऑक्सीजन दिए जाने के कारण मरीज के फेफड़े क्षतिग्रस्त हो गए थे। हालांकि उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मेडिक्लेम के पांच लाख रुपए दे दिए थे। उसके बाद उनकी मौत होने पर अस्पताल प्रशासन ने करीब 13 लाख का बिल बनाया था।

जिसको देने में वह असमर्थ थी। उसके बाद इसके बारे में उनके पडोसी सेक्टर 55 के लोगों एवं समाजसेवी संजय खट्टर, बजरंग तोषनीवाल, राजेंद्र कुमार, राज कुमार कौशिक, गुरमीत सिंह देओल को पता चला और पैसा न होने की बात सुनकर उन्होंने मदद के लिया हाथ बढ़ाए और मिलकर करीब एक लाख की मदद की। इसके बाद सेक्टरवासियों ने बकाया राशि भी माफ़ कराई।

हालांकि, संबंधित मामले को अलाइव न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से उठाया गया जिस पर संज्ञान लेते हुए विधायक नीरज शर्मा ने जिला प्रशासन सूचित किया। इसके बावजूद भी स्वास्थ्य विभाग के जांच पैनल ने खानापूर्ति करके इन्हें कोई खास राहत नही दिलाई। खबर चलने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और अस्पताल प्रशासन को बिना बकाया बिल दिए मृतक का शव देने के आदेश दिए। इसके बाद फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल प्रशासन मृतक का शव दाह संस्कार के लिए देने के लिए तैयार हुआ। जिसके बाद आज मंगलवार को मृतक संतोष बोस का अंतिम संस्कार सेक्टर-22 के मुजेसर स्थित श्मशान घाट में किया गया।