March 7, 2026

कैलगांव-खंडावली के बीच 15 दिन में तैयार होगा फुट ओवरब्रिज, 15 हजार लोगों को राहत

Faridabad/Alive News: नेशनल हाईवे पर कैलगांव और खंडावली के बीच बन रहा फुट ओवरब्रिज अगले 15 दिनों में तैयार हो जाएगा। इसके बनने से दोनों गांवों के करीब 15 हजार ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें करीब डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

दोनों गांवों की आबादी लगभग 15 हजार है। खंडावली की ओर हाईवे किनारे स्थित मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए कैलगांव के ग्रामीण अक्सर आते-जाते हैं। अभी तक लोग हाईवे पार करने के लिए ग्रिल फांदते हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है।

सुरक्षित तरीके से पार करने के लिए लोगों को बाईपास अंडरपास से होकर जाना पड़ता है, जिससे करीब डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसी कारण ग्रामीण जोखिम उठाकर सीधे हाईवे पार करते रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने एनएचएआई से योजना बनवाकर एफओबी निर्माण कार्य शुरू करवाया था, जो अब अंतिम चरण में है।

इस पुल के बनने से कैलगांव, खंडावली, जाजरू, भनकपुर और सेक्टर-58 की फैक्ट्रियों में काम करने वाले हजारों लोगों को भी आने-जाने में सुविधा और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध होगा।

क्या कहना है राज्य मंत्री का

कैलगांव और खंदावली के पास हाईवे पर 1.75 करोड़ रुपये की लागत से एफओबी बनाया गया है। कंस्ट्रक्शन अपने आखिरी स्टेज में है। एफओबी पर टिन लगाने और पेंटिंग का काम बाकी है। एनएचएआई अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अगले 15 दिनों में यह पूरी तरह से पूरा हो जाएगा। इसके बाद इसे गांववालों के आने-जाने के लिए खोल दिया जाएगा।
-कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री