February 12, 2025

लोक कलाकार ने आली हवा रही ना पहले आला पानी… की पेशकश से बांधा समा

Faridabad/Alive News: 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में अलग-अलग चौपालों पर देश व विदेश के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकारों ने रागीनियों, लोकगीतों और सामूहिक नृत्य से खूब धमाल मचाया। इसी चौपाल पर विख्यात लोक कलाकार रामकेश जीवनपुरिया ने पहले आली हवा रही ना पहले आला पानी… गीत से पंडाल में उपस्थित लोगों में जोश भर दिया।

इनके अलावा रणवीर एंड पार्टी की रागनियों और दीपाली एंड ग्रुप के मनमोहक नृत्य ने भी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। छोटी चौपाल पर विख्यात मिमिक्री कलाकार प्रदीप जेलपुरिया के गीतों की बेहतरीन प्रस्तुति व मंच संचालक के रूम में सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए लोगों से संवाद करते हुए सांस्कृतिक मंच को शोभायमान किया।सूरजकुंड मेला परिसर की छोटी चौपाल पर पर्यटन निगम, कला एवं संस्कृति कार्य विभाग तथा हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इस चौपाल पर 23 फरवरी तक हर दिन प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पेशकश दी जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को हरियाणा कला परिषद रोहतक मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हरियाणवी कलाकार एंड पार्टी ने हट जा ताऊ पाछे नै…, मन्ने फेर मिला दे राम रटूं सूं माला रे… सहित अन्य हरियाणवी गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। वहीं रणवीर एंड पार्टी ने हरियाणवी रागनियां सुनाकर हरियाणवी संस्कृति की झलक दिखाई। इनके अलावा दीपाली एंड गु्रप द्वारा नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुति दी गई। इनके अतिरिक्त इस मंच से विद्यार्थियों द्वारा भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।

गौरतलब है कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला 23 फरवरी तक निरंतर जारी रहेगा। इसी कड़ी में 13 फरवरी को छोटी चौपाल के मंच पर लोक कलाकार विशेष एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं कलाकार अमित रोहणा एंड पार्टी रागनियों से पर्यटकों का मनोरंजन करेंगे। इनके अलावा शाली एंड गु्रप द्वारा नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।